Home
Store Updates
Home PYQs Semester 3 सामाजिक अध्ययन 2019
PYQ 2019 • सामाजिक अध्ययन

सामाजिक अध्ययन Previous Year Paper 2019

UP DELED Semester 3 सामाजिक अध्ययन Previous Year Question Paper 2019 with solution.

Section 1 वस्तुनिष्ठ प्रश्न

वस्तुनिष्ठ प्रश्न

प्रश्न 1. 'पिट्स इण्डिया एक्ट' पारित हुआ-

(a) 1773 ई. में

(b) 1784 ई. में

(c) 1763 ई. में

(d) 1813 ई. में

उत्तर: (b) पिट्स इंडिया एक्ट 1784 ब्रिटिस संसद द्वारा पारित एक अधिनियम था, जिसे ईस्ट इंडिया कम्पनी एक्ट 1784 के नाम से भी जाना जाता है। इसका उद्देश्य के रेग्युलेटिंग एक्ट की खामियों को दूर करना था।

प्रश्न 2. तुज्क बाबरी की भाषा है -

(a) उर्दू

(b) हिन्दी

(c) फारसी

(d) तुर्की

उत्तर: (d) तुज़्क़-ए-बाबरी भारतीय उपमहाद्वीप में मुगल साम्राज्य के संस्थापक बाबर की आत्मकथा है, बाबर द्वारा इसे तुर्की भाषा में लिखा गया था। अकबर के दिशा निर्देश पर तुज्क-ए-बाबरी का नाम फारसी में अनुवाद किया गया जिसका नाम 1589 में 'बाबरनामा' अकबर के एक कुलीन मिर्ज़ा अब्दुर रहीम द्वारा कर दिया गया।

प्रश्न 3. चित्रकला का सर्वाधिक विकास हुआ-

(a) बाबर के शासनकाल में

(b) हुमायूँ के शासनकाल में

(c) जहाँगीर के शासनकाल में

(d) औरंगजेब के शासनकाल में

उत्तर: (c) चित्रकला की मुगलशैली की शुरूआत सम्राट अकबर के शासनकाल में हुई, परन्तु चित्रकला का सर्वाधिक विकास जहाँगीर के शासनकाल में हुआ। जहाँगीर स्वयं चित्रकला का बड़ा पारखी था।

प्रश्न 4. स्थाई बन्दोबस्त प्रणाली शुरू की-

(a) लॉर्ड हेस्टिंग्स ने

(b) लॉर्ड क्लाइव ने

(c) लॉर्ड कार्नवालिस ने

(d) लॉर्ड डलहौजी ने

उत्तर: (c) स्थाई बन्दोबस्त प्रणाली की शुरूआत 1793 ई. में लॉर्ड कार्नवालिस द्वारा की गयी थी। इसके तहत जमींदारों को भूमि का स्थाई मालिक बना दिया गया था।

प्रश्न 5. इलाहबाद की सन्धि हुई-

(a) 1760 ई. में

(b) 1764 ई. में

(c) 1765 ई. में

(d) 1774 ई. में

उत्तर: (c) बक्सर के युद्ध (1764 ई.) की समाप्ति के बाद लॉर्ड क्लाइव और मुगल सम्राट शाहआलम द्वितीय तथा अवध के नवाब शुजाउद्दौला के मध्य 1765 ई. में इलाहाबाद की सन्धि हुई।

प्रश्न 6. नकदी फसल है-

(a) गेहूँ

(b) गन्ना

(c) धान

(d) मक्का

उत्तर: (b) गन्ना एक नकदी फसल है। व्यापारिक या नकदी फसलें वे फसलें होती हैं जिन्हें किसान स्वयं के उपभोग के लिए नहीं बल्कि बाजार में बेचने के उद्देश्य से उगाता है।

प्रश्न 7. राज्य सभा का पदेन सभापति होता है-

(a) राष्ट्रपति

(b) उप-राष्ट्रपति

(c) प्रधानमंत्री

(d) लोकसभा अध्यक्ष

उत्तर: (b) भारतीय संविधान के अनुसार, भारत का उप-राष्ट्रपति राज्य सभा का पदेन सभापति होता है।

प्रश्न 8. भारत में कुल कितने उच्च न्यायालय हैं-

(a) 24

(b) 25

(c) 28

(d) 29

उत्तर: (b) वर्तमान समय में भारत में कुल 25 उच्च न्यायालय हैं। 25वाँ उच्च न्यायालय आंध्र प्रदेश का अमरावती में स्थापित किया गया है।

प्रश्न 9. भारतीय संविधान की किस अनुसूची में केन्द्र और राज्यों के मध्य शक्तियों का विभाजन है-

(a) पाँचवीं अनुसूची में

(b) छठी अनुसूची में

(c) सातवीं अनुसूची में

(d) आठवीं अनुसूची में

उत्तर: (c) भारतीय संविधान की सातवीं अनुसूची में केन्द्र और राज्यों के मध्य शक्तियों का विभाजन तीन सूचियों (संघ सूची, राज्य सूची और समवर्ती सूची) के माध्यम से किया गया है।

प्रश्न 10. किस वर्ष भारतीय नागरिकों के मौलिक कर्तव्य संविधान में जोड़े गये-

(a) 1972 ई. में

(b) 1976 ई. में

(c) 1978 ई. में

(d) 1980 ई. में

उत्तर: (b) वर्ष 1976 में 42वें संविधान संशोधन द्वारा सरदार स्वर्ण सिंह समिति की सिफारिश पर भारतीय नागरिकों के लिए मौलिक कर्तव्य संविधान के भाग 4(क) तथा अनुच्छेद 51(क) में जोड़े गये।

प्रश्न 11. भारत में सर्वोतम कोयला खान कहाँ है-

(a) झरिया

(b) रानीगंज

(c) बोकारो

(d) गिरिडीह

उत्तर: (b) भारत में सर्वोत्तम कोयला खान या प्रथम कोयला खान रानीगंज (पश्चिम बंगाल) में स्थित है जहाँ से सर्वप्रथम कोयले का खनन शुरू किया गया था।

प्रश्न 12. "शायद ही कोई ऐसा उद्योग हो जो लोहे और इस्पात के बिना सुचारू रूप से चल सके।" यह कथन है-

(a) वी. आर. राव का

(b) कार्ल मार्क्स का

(c) मार्शल का

(d) स्मिथ का

उत्तर: (a) यह कथन वी. आर. राव का है कि "शायद ही कोई ऐसा उद्योग हो जो लोहे और इस्पात के बिना सुचारू रूप से चल सके।"

प्रश्न 13. निम्नलिखित में से कौन सा केन्द्र सरकार की आय का स्रोत है-

(a) भू-राजस्व

(b) मनोरंजन कर

(c) सीमा शुल्क

(d) गृह कर

उत्तर: (c) सीमा शुल्क केन्द्र सरकार की आय का प्रमुख स्रोत है, जबकि भू-राजस्व, मनोरंजन कर और गृह कर राज्य सरकार या स्थानीय निकायों के अंतर्गत आते हैं।

प्रश्न 14. नीति आयोग का गठन कब हुआ-

(a) 1 जनवरी 2014 को

(b) 1 जनवरी 2015 को

(c) 26 जनवरी 2015 को

(d) 15 अगस्त 2014 को

उत्तर: (b) योजना आयोग के स्थान पर नीति आयोग (National Institution for Transforming India) का गठन 1 जनवरी 2015 को किया गया था। इसके पदेन अध्यक्ष प्रधानमंत्री होते हैं।

प्रश्न 15. देश की मुद्रा की पूर्ति को नियमित करने का अधिकार है-

(a) भारतीय स्टेट बैंक को

(b) सेबी को

(c) भारतीय रिजर्व बैंक को

(d) वित्त मंत्रालय को

उत्तर: (c) देश की मुद्रा की पूर्ति को नियमित और नियंत्रित करने का एकाधिकार भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को प्राप्त है।

Section 2 अति लघु उत्तरीय प्रश्न

अति लघु उत्तरीय प्रश्न

प्रश्न 16. भारत में मुगल साम्राज्य की स्थापना किसने और कब की?

उत्तर: भारत में मुगल साम्राज्य की स्थापना बाबर ने 1526 ई. में पानीपत के प्रथम युद्ध में इब्राहिम लोदी को पराजित करके की थी।

प्रश्न 17. शेरशाह सूरी के बचपन का नाम क्या था?

उत्तर: शेरशाह सूरी के बचपन का नाम फरीद था।

प्रश्न 18. अकबरनामा की रचना किसने की?

उत्तर: अकबरनामा की रचना अकबर के प्रसिद्ध दरबारी विद्वान अबुल फजल ने की थी।

प्रश्न 19. जहाँगीर द्वारा जारी किए गए सिक्कों की मुख्य विशेषता क्या थी?

उत्तर: जहाँगीर द्वारा जारी किए गए सिक्कों पर उसका स्वयं का चित्र हाथ में शराब का प्याला लिए हुए अंकित था तथा कुछ सिक्कों पर उसकी बेगम नूरजहाँ का नाम भी खुदवाया गया था।

प्रश्न 20. मराठा शक्ति का उत्कर्ष किसके शासनकाल में हुआ?

उत्तर: मराठा शक्ति का उत्कर्ष छत्रपति शिवाजी महाराज के शासनकाल में हुआ था।

प्रश्न 21. भारत में यूरोपीय शक्तियों का आगमन किस उद्देश्य से हुआ?

उत्तर: भारत में यूरोपीय शक्तियों का आगमन मुख्य रूप से व्यापार करने (विशेषकर मसालों और सूती कपड़ों के व्यापार) तथा धन अर्जित करने के उद्देश्य से हुआ था।

प्रश्न 22. प्लासी का युद्ध किसके बीच हुआ था?

उत्तर: प्लासी का युद्ध 23 जून 1757 को बंगाल के नवाब सिराजुद्दौला और ब्रिटिस ईस्ट इण्डिया कम्पनी के गवर्नर रॉबर्ट क्लाइव के बीच हुआ था।

प्रश्न 23. रेगुलेटिंग एक्ट कब पारित हुआ?

उत्तर: रेगुलेटिंग एक्ट ब्रिटिस संसद द्वारा 1773 ई. में पारित किया गया था।

प्रश्न 24. लॉर्ड डलहौजी ने राज्यों को हड़पने के लिए किस नीति का प्रयोग किया?

उत्तर: लॉर्ड डलहौजी ने राज्यों को हड़पने के लिए "व्यपगत के सिद्धान्त" (हड़प नीति या राज्य अपहरण नीति) का प्रयोग किया था।

प्रश्न 25. संसद के दोनों सदनों के नाम लिखिए।

उत्तर: संसद के दोनों सदनों के नाम निम्नलिखित हैं-

  • (1) लोकसभा (निम्न सदन)
  • (2) राज्यसभा (उच्च सदन)

प्रश्न 26. राज्यसभा के सदस्यों का कार्यकाल कितना होता है?

उत्तर: राज्यसभा के सदस्यों का कार्यकाल 6 वर्ष का होता है। यह एक स्थाई सदन है जिसके एक-तिहाई सदस्य प्रत्येक दो वर्ष बाद सेवानिवृत्त हो जाते हैं।

प्रश्न 27. उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों की सेवानिवृत्ति की आयु कितनी है?

उत्तर: उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) के न्यायाधीशों की सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष निर्धारित है।

प्रश्न 28. भारत में सौर ऊर्जा के उत्पादन के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ क्यों हैं?

उत्तर: भारत एक उष्णकटिबंधीय देश है जहाँ वर्ष के अधिकांश महीनों में प्रचुर मात्रा में सूर्य का प्रकाश और तीव्र धूप उपलब्ध रहती है, इसलिए यहाँ सौर ऊर्जा के उत्पादन के लिए अत्यधिक अनुकूल परिस्थितियाँ हैं।

प्रश्न 29. व्यावसायिक बैंक (वाणिज्यिक बैंक) के दो प्रमुख कार्य लिखिए।

उत्तर: व्यावसायिक बैंक के दो प्रमुख कार्य निम्नलिखित हैं-

  • (i) जनता से जमा (FDR, बचत खाता) स्वीकार करना।
  • (ii) आवश्यकतानुसार व्यापारियों और जनता को ऋण (लोन) प्रदान करना।

प्रश्न 30. भारत के दो पड़ोसी देशों के नाम लिखिए।

उत्तर: भारत के दो पड़ोसी देशों के नाम नेपाल और चीन हैं।

Section 3 लघु उत्तरीय प्रश्न

लघु उत्तरीय प्रश्न

प्रश्न 31. शेरशाह सूरी द्वारा किए गए प्रशासनिक सुधारों का संक्षेप में वर्णन कीजिए।

उत्तर: शेरशाह सूरी की प्रशासनिक सुधार- शेरशाह सूरी इतिहास में एक कुशल प्रशासनिक सुधारक के रूप में जाना जाता है। उसने निम्नलिखित प्रशासनिक सुधार किए-

  • साम्राज्य का विभाजन - उसने कुशल प्रशासन के लिए अपने संपूर्ण साम्राज्य को 'सरकारों' (जिलों) में और सरकारों को 'परगनों' में विभाजित किया था।
  • भूमि राजस्व सुधार - उसने भूमि की उचित पैमाइश कराकर उपज के आधार पर लगान निर्धारित किया तथा किसानों को पट्टा एवं कबूलियत देने की व्यवस्था शुरू की।
  • सैन्य सुधार - सेना को शक्तिशाली बनाने के लिए उसने दाग और हुलिया प्रथा को पुनः सुदृढ़ किया तथा सैनिकों को नकद वेतन देना प्रारम्भ किया।
  • यातायात और संचार सुधार - उसने बंगाल से पेशावर तक प्रसिद्ध 'ग्रैंड ट्रंक रोड' (सड़क-ए-आजम) का निर्माण कराया तथा यात्रियों के ठहरने के लिए सरायों की स्थापना की।

प्रश्न 32. अकबर की धार्मिक नीति 'दीन-ए-इलाही' की मुख्य विशेषताओं का उल्लेख कीजिए।

उत्तर: दीन-ए-इलाही की मुख्य विशेषताएँ- अकबर ने सभी धर्मों के मूल सिद्धांतों और अच्छाइयों को समाहित करके 1582 ई. में 'दीन-ए-इलाही' (तौहीद-ए-इलाही) की स्थापना की। इसकी मुख्य विशेषताएँ निम्नलिखित थीं-

  • एकेश्वरवाद पर बल - इसके अंतर्गत केवल एक ईश्वर की पूजा करने का विधान था और अकबर को इसका आध्यात्मिक गुरु माना गया था।
  • सुलह-ए-कुल की नीति - इसका मुख्य उद्देश्य समाज में सार्वभौमिक शांति, भाईचारा और धार्मिक समरसता स्थापित करना था।
  • नैतिक आचरण - इसके अनुयायियों के लिए मांस का सेवन न करना, परोपकार करना, क्रोध न करना और पवित्र जीवन जीना अनिवार्य था।
  • सूर्य और अग्नि का सम्मान - इसमें सूर्य और अग्नि को सम्मान प्रदान किया गया था तथा रविवार के दिन को दीक्षा के लिए विशेष पवित्र माना जाता था।

प्रश्न 33. इलाहाबाद की सन्धि की मुख्य शर्तों का वर्णन कीजिए।

उत्तर: इलाहाबाद की सन्धि की मुख्य शर्ते- बक्सर के युद्ध (1764 ई.) की समाप्ति के बाद लॉर्ड क्लाइव ने मुगल सम्राट शाहआलम द्वितीय और अवध के नवाब शुजाउद्दौला के साथ 1765 ई. में इलाहाबाद की दो अलग-अलग सन्धियाँ कीं। इसकी प्रमुख शर्तें निम्नवत थीं-

प्रथम सन्धि (मुगल सम्राट शाहआलम द्वितीय के साथ)-

  1. बंगाल, बिहार और उड़ीसा की दीवानी - मुगल सम्राट ने ईस्ट इण्डिया कम्पनी को बंगाल, बिहार और उड़ीसा की स्थायी रूप से दीवानी (राजस्व वसूलने का अधिकार) सौंप दी।
  2. वार्षिक पेंशन - इसके बदले कम्पनी ने मुगल सम्राट को 26 लाख रुपये की वार्षिक पेंशन देना स्वीकार किया।
  3. कड़ा और इलाहाबाद - कम्पनी ने अवध के नवाब से कड़ा और इलाहाबाद के जिले लेकर मुगल सम्राट को दे दिए।

द्वितीय सन्धि (अवध के नवाब शुजाउद्दौला के साथ)-

  1. युद्ध की क्षतिपूर्ति - नवाब शुजाउद्दौला को कम्पनी को युद्ध की क्षतिपूर्ति के रूप में 50 लाख रुपये देने पड़े।
  2. क्षेत्रों की वापसी - कड़ा और इलाहाबाद को छोड़कर अवध का शेष क्षेत्र नवाब को वापस कर दिया गया।
  3. कर मुक्त व्यापार - कम्पनी को अवध के राज्य क्षेत्र में बिना कोई चुंगी दिए कर मुक्त व्यापार करने की विशेष सुविधा प्राप्त हो गयी।

प्रश्न 34. मराठा साम्राज्य के पतन के मुख्य कारणों की समीक्षा कीजिए।

उत्तर: मराठा साम्राज्य के पतन के मुख्य कारण- मराठा शक्ति जो कभी पूरे भारत पर वर्चस्व रखती थी, आंतरिक और बाह्य कारणों से पतन की ओर अग्रसर हो गयी। इसके प्रमुख कारण निम्नलिखित थे-

  • आंतरिक कलह और आपसी फूट - मराठा सरदारों (सिंधिया, होल्कर, भोंसले, गायकवाड़) में आपसी एकता का पूर्णतः अभाव था। वे राष्ट्रीय हित के बजाय अपने व्यक्तिगत हितों के लिए आपस में लड़ते रहते थे।
  • दोषपूर्ण सैन्य व्यवस्था - मराठों ने अपनी पारंपरिक छापामार (गनिमी कावा) युद्ध पद्धति को छोड़ दिया था और अंग्रेजों की नकल पर यूरोपीय पद्धति अपनाई, जिसमें वे पूर्ण पारंगत नहीं थे।
  • कमजोर आर्थिक स्थिति - मराठों के पास एक सुदृढ़ वित्तीय व्यवस्था का अभाव था। वे राजस्व के लिए मुख्यतः चौथ और सरदेशमुखी टैक्स पर निर्भर थे, जिससे पड़ोसी राज्य उनके शत्रु बन गये।
  • कुशल नेतृत्व का अभाव - पानीपत के तृतीय युद्ध (1761 ई.) के बाद माधवराव और नाना फड़नवीस की मृत्यु के पश्चात मराठों के पास अंग्रेजों का मुकाबला करने के लिए कोई योग्य और दूरदर्शी कूटनीतिज्ञ नेता नहीं बचा।

प्रश्न 35. भारत के राष्ट्रपति की आपातकालीन शक्तियों का वर्णन कीजिए।

उत्तर: भारत के राष्ट्रपति की आपातकालीन शक्तियाँ- भारतीय संविधान के भाग 18 के अंतर्गत राष्ट्रपति को देश की संप्रभुता, एकता और सुरक्षा की रक्षा के लिए तीन प्रकार की आपातकालीन शक्तियाँ प्रदान की गयी हैं-

  1. राष्ट्रीय आपातकाल (अनुच्छेद 352) - यदि युद्ध, बाह्य आक्रमण या सशस्त्र विद्रोह के कारण भारत या उसके किसी भाग की सुरक्षा को खतरा हो, तो राष्ट्रपति संपूर्ण देश या किसी विशेष क्षेत्र में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर सकता है।
  2. राज्य में राष्ट्रपति शासन (अनुच्छेद 356) - यदि किसी राज्य के राज्यपाल की रिपोर्ट पर या अन्यथा राष्ट्रपति को यह विश्वास हो जाए कि उस राज्य का शासन संविधान के प्रावधानों के अनुसार नहीं चलाया जा सकता, तो वह वहाँ राष्ट्रपति शासन लगा सकता है।
  3. वित्तीय आपातकाल (अनुच्छेद 360) - यदि राष्ट्रपति को यह संतुष्टि हो जाए कि ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गयी है जिससे भारत की वित्तीय स्थिरता या साख को खतरा है, तो वह वित्तीय आपातकाल की घोषणा कर सकता है।

प्रश्न 36. लोकसभा के गठन और उसकी योग्यताओं का सविस्तार वर्णन कीजिए।

उत्तर: लोकसभा का गठन और योग्यताएँ- लोकसभा भारतीय संसद का प्रथम या निम्न सदन है, जिसे लोकप्रिय सदन भी कहा जाता है।

लोकसभा का गठन-

  • संविधान के अनुसार लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 552 निर्धारित है। वर्तमान समय में देश में लोकसभा की कुल 543 सीटें हैं।
  • इनके सदस्यों का चुनाव संपूर्ण देश की जनता द्वारा सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार प्रणाली के आधार पर प्रत्यक्ष गुप्त मतदान द्वारा किया जाता है।
  • लोकसभा का सामान्य कार्यकाल 5 वर्ष का होता है, परन्तु प्रधानमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति इसे समय से पूर्व भी भंग कर सकता है।

लोकसभा सदस्यता हेतु योग्यताएँ- लोकसभा का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार के पास निम्नलिखित योग्यताएँ होनी चाहिए-

  1. वह भारत का नागरिक हो।
  2. उसकी आयु 25 वर्ष से कम न हो।
  3. वह केन्द्र या राज्य सरकार के अंतर्गत किसी लाभ के पद पर कार्यरत न हो।
  4. वह न्यायालय द्वारा मानसिक रूप से अस्वस्थ, पागल या दिवालिया घोषित न किया गया हो।

प्रश्न 37. उच्चतम न्यायालय (सर्वोच्च न्यायालय) का न्यायाधीश बनने हेतु क्या-क्या योग्यताएँ होनी चाहिए?

उत्तर: उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश बनने हेतु योग्यताएँ- भारतीय संविधान के अनुच्छेद 124(3) के अनुसार, किसी व्यक्ति को सर्वोच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त होने के लिए निम्नलिखित योग्यताओं का होना आवश्यक है-

  1. वह भारत का नागरिक हो।
  2. वह किसी एक या लगातार दो या दो से अधिक उच्च न्यायालयों (हाईकोर्ट) में कम से कम 5 वर्ष तक न्यायाधीश के रूप में कार्य कर चुका हो।
  3. अथवा वह किसी एक या लगातार दो या दो से अधिक उच्च न्यायालयों में कम से कम 10 वर्ष तक अधिवक्ता (वकील) के रूप में कार्य कर चुका हो।
  4. अथवा वह राष्ट्रपति की दृष्टि में एक सम्मानित और उच्च कोटि का कानूनविद (पारंगत विधिवेत्ता) हो।

प्रश्न 38. व्यावसायिक बैंक (वाणिज्यिक बैंक) के प्रमुख कार्यों की विवेचना कीजिए।

उत्तर: व्यावसायिक बैंक के प्रमुख कार्य- व्यावसायिक बैंक देश की आर्थिक गतिविधियों और जनता के वित्तीय लेन-देन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके प्रमुख कार्य निम्नलिखित हैं-

  • जमा स्वीकार करना - यह जनता की छोटी-बड़ी बचतों को सुरक्षित रखने के लिए विभिन्न खातों (जैसे- बचत खाता, चालू खाता, आवर्ती जमा खाता-RD, और सावधि जमा खाता-FD) के माध्यम से जमा स्वीकार करता है।
  • अग्रिम एवं ऋण प्रदान करना - यह व्यापारियों, किसानों और आम जनता को उत्पादन और व्यक्तिगत आवश्यकताओं के लिए लोन या ऋण प्रदान करता है, जैसे बैंक ओवरड्राफ्ट, नकद क्रेडिट ऋण, और व्यावसायिक बिलों की कटौती।
  • निधियों का स्थानांतरण - यह अपने ग्राहकों के धन को एक स्थान से दूसरे स्थान पर सुरक्षित रूप से भेजने (जैसे- डिमांड ड्राफ्ट, NEFT, RTGS द्वारा) की सुविधा प्रदान करता है।
  • एजेंसी सम्बन्धी कार्य - यह अपने ग्राहकों के प्रतिनिधि के रूप में चेक का संग्रह, बिलों और करों का आवधिक भुगतान, आवधिक संग्रह, और पोर्टफोलियो प्रबंधन आदि कार्य करता है।
  • सामान्य सेवाएँ - यह विदेशी मुद्रा में लेनदेन, लॉकर सुविधा, और शेयरों व डिबेंचर की हामीदारी जैसी अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय सेवाएँ भी प्रदान करता है।

प्रश्न 39. केन्द्र सरकार की आय के प्रमुख स्रोतों का सविस्तार वर्णन कीजिए।

उत्तर: केन्द्र सरकार की आय के प्रमुख स्रोत- भारत सरकार देश के विकास, सुरक्षा और प्रशासनिक कार्यों को संचालित करने के लिए विभिन्न मदों से राजस्व एकत्र करती है। केन्द्र सरकार की आय के मुख्य स्रोत निम्नलिखित हैं-

  • वस्तु एवं सेवाकर (GST) - यह भारत सरकार की आय का सबसे प्रमुख और बड़ा अप्रत्यक्ष कर स्रोत है, जो वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति पर लगाया जाता है।
  • आयकर (Income Tax) - यह एक प्रत्यक्ष कर है जो व्यक्तियों, हिंदू अविभाजित परिवारों और व्यावसायिक फर्मों की शुद्ध आय पर लगाया जाता है। भारत में आयकर सर्वप्रथम 1860 ई. में लगाया गया था।
  • निगम कर (Corporate Tax) - यह भी एक महत्वपूर्ण प्रत्यक्ष कर है जो देश में पंजीकृत कंपनियों और निगमों के शुद्ध लाभ या निवल आय पर लगाया जाता है।
  • सीमा शुल्क (Customs Duty) - यह वस्तुओं के आयात और निर्यात पर लगाया जाने वाला कर है, जो केन्द्र सरकार की आय का एक बड़ा हिस्सा निर्मित करता है।
  • गैर-कर राजस्व - इसके अंतर्गत सरकारी कंपनियों और प्रतिष्ठानों (जैसे- रेलवे, सार्वजनिक उपक्रमों) से प्राप्त लाभ, रिजर्व बैंक का लाभांश, विभिन्न सेवाओं की फीस, विदेशी अनुदान और सरकार द्वारा दिए गए ऋणों पर प्राप्त ब्याज शामिल हैं।

प्रश्न 40. भारत के उत्तरी विशाल मैदान का भौगोलिक वर्णन कीजिए तथा इसके महत्व को स्पष्ट कीजिए।

उत्तर: भारत के उत्तरी विशाल मैदान का भौगोलिक वर्णन- यह मैदान हिमालय पर्वत के दक्षिण तथा प्रायद्वीपीय पठार के उत्तर में स्थित है। यह भारत का ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व का सर्वाधिक उपजाऊ, समतल और सघन जनसंख्या वाला मैदान है। इसका कुल क्षेत्रफल लगभग 7 लाख वर्ग किलोमीटर है। बहने वाली प्रमुख नदियों और प्राकृतिक विशेषताओं के आधार पर इस वृहद् मैदान को मुख्य रूप से तीन उप-विभागों में बाँटा गया है-

  1. पश्चिमी मैदान (सिंधु और पंजाब का मैदान) - इस भाग में मुख्य रूप से पंजाब, हरियाणा का पश्चिमी भाग और राजस्थान का मरुस्थलीय भाग सम्मिलित है। इस मैदान की औसत ऊँचाई 150 से 300 मीटर तक है तथा इसका सामान्य ढाल उत्तर-पूर्व से दक्षिण-पश्चिम की ओर है।
  2. मध्यवर्ती मैदान (गंगा का मैदान) - पश्चिम में यमुना नदी से लेकर पूर्व में बांग्लादेश की पश्चिमी सीमा तक लगभग 1400 किलोमीटर की लम्बाई और औसतन 300 किलोमीटर की चौड़ाई में फैला यह मैदान गंगा का मैदान कहलाता है। यह जलोढ़ मिट्टी से निर्मित अत्यधिक उपजाऊ क्षेत्र है।
  3. पूर्वी मैदान (ब्रह्मपुत्र का मैदान) - यह मैदान मुख्य रूप से असम राज्य में सदिया के उत्तर-पूर्व से लेकर धुबरी स्थान तक लगभग 650 किलोमीटर की लम्बाई और 100 किलोमीटर की चौड़ाई में विस्तृत है, जिसे ब्रह्मपुत्र का मैदान भी कहते हैं।

उत्तरी विशाल मैदान का आर्थिक महत्व-

  • यह मैदान नदियों द्वारा बहाकर लाई गयी उपजाऊ जलोढ़ मिट्टी से बना है, जो देश के कृषि उत्पादन (विशेषकर धान, गेहूँ और गन्ना) का मुख्य केन्द्र होने के कारण देश का 'अन्न भण्डार' कहलाता है।
  • समतल धरातल के कारण यहाँ रेलमार्गों, सड़कों और नहरों का जाल बिछाना अत्यधिक सुगम रहा है, जिसने परिवहन और औद्योगिक विकास को गति प्रदान की है।
  • अनुकूल जलवायु, जल की प्रचुर उपलब्धता और उपजाऊ भूमि के कारण यहाँ देश की विशाल जनसंख्या निवास करती है, जो मानव संसाधन की दृष्टि से अत्यधिक महत्वपूर्ण है।

Question Paper PDF

इस प्रश्न पत्र की PDF डाउनलोड करें।

PDF Download

सामाजिक अध्ययन Previous Year Paper 2019

Solved question paper PDF download.

Complete 10 Years Solved PYQ Collection

2015 से 2025 तक के solved previous year papers, महत्वपूर्ण प्रश्न, उत्तर एवं PDF resources एक ही package में प्राप्त करें और अपनी UP DELED परीक्षा की तैयारी को मजबूत बनाएं।